कोंडागांव , नवंबर 04 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में एकलव्य आवासीय विद्यालय शामपुर से जुड़ा विवाद लगातार गहराता जा रहा है। विद्यार्थियों के साथ कथित जातिगत टिप्पणी और छात्रावास में अव्यवस्थाओं को लेकर शुरू हुआ विरोध अब पुलिस थाने तक पहुंच गया है।

मंगलवार देर रात आदिवासी समाज के लोगों और अभिभावकों ने संबंधित मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को लेकर अजाक थाने का घेराव किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक की स्थिति निर्मित हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आदिवासी समाज के लोग बड़ी संख्या में अजाक थाने पहुंचे और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग करने लगे। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोग थाना परिसर के भीतर प्रवेश कर गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को परिसर से बाहर कराया। इसके बाद नाराज लोगों ने थाने के बाहर घेराव कर विरोध प्रदर्शन जारी रखा।

उल्लेखनीय है कि बीते दिनों जिला मुख्यालय स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय शामपुर के विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने विद्यालय में कथित जातिगत टिप्पणी तथा अव्यवस्थाओं का आरोप लगाते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने विद्यालय की प्राचार्य चंद्र किरण तिवारी और छात्रावास अधीक्षकों राजवीर यादव तथा निशु पंगाल को तत्काल पद से हटाने की मांग की थी।

इस दौरान विद्यार्थी और अभिभावक रात करीब 10 बजे तक कलेक्टर कार्यालय परिसर में धरने पर डटे रहे थे। जिला प्रशासन ने तीन दिनों के भीतर जांच समिति गठित कर मामले की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन देकर प्रदर्शन समाप्त कराया था।

इसी क्रम में कल सुबह से विद्यार्थियों के परिजन और आदिवासी समाज के सदस्य एकलव्य विद्यालय परिसर के सामने एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इस बीच जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और मामले में जांच की प्रक्रिया शुरू की।

आदिवासी समाज के नेताओं और अभिभावकों ने आरोप लगाया कि जांच प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने एकलव्य विद्यालय के कुछ कर्मचारियों के साथ मिलकर उन्हें कथित तौर पर बंधक बनाया, मारपीट की और उनके मोबाइल फोन छीन लिए। इन आरोपों को लेकर समाज के प्रतिनिधि अजाक थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे थे।

शिकायत और एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर पुलिस तथा प्रदर्शनकारियों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसके बाद आदिवासी समाज के लोगों ने थाने के बाहर प्रदर्शन करते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

हालांकि, प्रदर्शनकारियों की ओर से लगाए गए बंधक बनाने, मारपीट और मोबाइल छीनने संबंधी आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले में प्रशासन और पुलिस का विस्तृत आधिकारिक पक्ष सामने आना शेष है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित