धार , जुलाई 6 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, गरड़ावाद-लबरादा में छात्रावास की अनुशासनहीनता और छात्रों के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। विद्यालय प्रबंधन ने देर रात छात्रावास से बाहर जाने वाले 12वीं कक्षा के छह छात्रों को स्थानांतरण प्रमाणपत्र (टीसी) देकर निष्कासित कर दिया है। वहीं, मारपीट के आरोपों में कुछ वरिष्ठ छात्रों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई है।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, जांच में सामने आया कि संबंधित छात्र रात के समय छात्रावास की खिड़की की जाली काटकर और दीवार फांदकर बाहर गए थे तथा देर रात लौटे। इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए उन्हें विद्यालय से निष्कासित कर दिया गया।
कुछ छात्रों ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद वरिष्ठ छात्रों ने उन्हें बेल्ट से पीटा, जिससे उन्हें चोटें आईं। हालांकि, छात्रावास अधीक्षक संजीत राठी ने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि किसी छात्र के साथ मारपीट नहीं हुई और निष्कासन की कार्रवाई से बचने के लिए निराधार आरोप लगाए जा रहे हैं।
विद्यालय प्रबंधक अमित सोनी ने कहा कि अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिन वरिष्ठ छात्रों पर मारपीट के आरोप लगे हैं, उन्हें भी तत्काल प्रभाव से विद्यालय से निष्कासित कर दिया गया है।
घटना के बाद छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठे हैं। विद्यालय परिसर में सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा व्यवस्था होने के बावजूद छात्रों के बाहर जाने की घटना को गंभीरता से लेते हुए प्रबंधन ने विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित