इंफाल , जून 18 -- मणिपुर में गुरुवार को 'ग्रेट जून विद्रोह दिवस' और 'एकता दिवस' की 25वीं वर्षगांठ पर लोगों ने राज्य की अखंडता की रक्षा का संकल्प दोहराया।

केक्रुपाट में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आयोजन समिति के सह-संयोजक सांता नाहाकपम ने कहा कि यदि अलग प्रशासन, ध्वज और संबंधित संवैधानिक व्यवस्थाओं से जुड़े मुद्दों का समयबद्ध समाधान नहीं किया गया तो राज्य में 2001 जैसी जन-आंदोलन की स्थिति पैदा हो सकती है।

उन्होंने विभिन्न समुदायों के साथ अलग-अलग शांति वार्ताओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे मतभेद और बढ़ सकते हैं। उन्होंने सभी प्रभावित समुदायों की शिकायतों के समाधान और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।

उल्लेखनीय है कि 18 जून 2001 को केंद्र सरकार द्वारा एनएससीएन (आईएम) के साथ संघर्षविराम समझौते में "क्षेत्रीय सीमा के बिना" प्रावधान शामिल किए जाने के विरोध में मणिपुर में व्यापक आंदोलन हुआ था। इस दौरान सुरक्षा बलों की गोलीबारी में 18 लोगों की मौत हो गयी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित