मुंबई , अक्टूबर 31 -- ेलीविजन अभिनेता गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या के आगामी शो के नाम से पर्दा उठ गया है। स्टार प्लस के नए शो का नाम 'दिल की बेवफ़ाइयाँ' रखा गया है। एकता कपूर की बालाजी टेलीफिल्म्स के बैनर तले बन रहे इस रोमांटिक पारिवारिक ड्रामा में गौरव और श्रद्धा पहली बार एक साथ नजर आएंगे।
यह शो गौरव खन्ना की 'अनुपमा' और श्रद्धा आर्या की 'कुंडली भाग्य' के बाद डेली फिक्शन में वापसी होगी। श्रद्धा इससे पहले भी बालाजी टेलीफिल्म्स के साथ काम कर चुकी हैं, जबकि गौरव पहली बार एकता कपूर के किसी शो में नजर आएंगे।
शो को लेकर एकता कपूर ने कहा कि दोनों कलाकारों को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला है और वह लंबे समय से उन्हें एक साथ पर्दे पर देखना चाहती थीं। उन्होंने कहा कि इस जोड़ी को साथ लाने को लेकर वह बेहद उत्साहित हैं और दर्शकों की प्रतिक्रिया जानने के लिए भी उत्सुक हैं।
इससे पहले गौरव और श्रद्धा ने शो की शुरुआत से पूर्व पूजा में हिस्सा लिया था। इसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए गए थे। फिलहाल शो की शूटिंग शुरू नहीं हुई है और इसके लिए 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' के सेट में बदलाव किए जा रहे हैं।
'दिल की बेवफ़ाइयाँ' को दिवाली के बाद नवंबर के अंतिम सप्ताह में लॉन्च किए जाने की संभावना है। शो का प्रसारण स्टार प्लस पर रात नौ बजे होने की चर्चा है। हालांकि, चैनल की ओर से अभी इसकी रिलीज की तारीख और प्रसारण समय की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित