बैतूल , फरवरी 05 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में पुलिस ने एक अंधे हत्याकांड का खुलासा करते हुए एकतरफा प्रेम में युवती की नृशंस हत्या करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।

झल्लार पुलिस के अनुसार 28 जनवरी 2026 को ग्राम बासनेर खुर्द निवासी देवी धोटे (पिता राजेश धोटे) की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु की सूचना मिली थी। प्रारंभ में मामला जहरीला पदार्थ सेवन का बताया गया, लेकिन जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर इसे हत्या का मामला पाया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी राहुल धोटे मृतका से एकतरफा प्रेम करता था और शादी से इंकार करने पर उसने हत्या की साजिश रची। घटना के दिन युवती बकरी चराने गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। बाद में उसका शव मनोज घानेकर के खेत में मिला, जिसके गले पर खरोंच, गाल और पैर की त्वचा उखड़ी होने जैसे गंभीर चोट के निशान पाए गए।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण गले की अस्थि का टूटना, श्वास अवरोध और आंतरिक चोटों से उत्पन्न जटिलताएं बताया गया, जिससे स्पष्ट हुआ कि यह स्वाभाविक मौत नहीं बल्कि हत्या थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित