देहरादून , मई 12 -- उत्तराखंड पुलिस की विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की मादक पदार्थ पकड़ने के लिए बनायी गयी टीम मादक पदार्थ विरोधी कार्यबल (एएनटीएफ) ने धर्मनगरी हरिद्वार से प्रतिबंधित नशीली दवाई ट्रामाडोल कैप्सूल की बड़ी खेप बरामद की है। बरामद कैप्सूल की कीमत लाखों रुपए में हैं।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने मंगलवार को बताया कि "ड्रग्स फ्री देवभूमि" अभियान के तहत नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने को गठित एएनटीएफ ने यह कार्रवाई हरिद्वार के लंढौरा क्षेत्र में की है। जिसमें 18000 प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किये गये। उन्होंने बताया कि बरामद माल को सील कर इस संबंध में मादक पदार्थ अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
श्री सिंह ने बताया कि इसके साथ मौके से एक हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल भी मिली, जिसे जब्त कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि बरामद माल के फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक की जानकारी जुटायी जा रही है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार की अवैध गतिविधि में संलिप्त गिरोह का जल्द ही पर्दाफाश किया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित