श्रीनगर , जुलाई 22 -- जम्मू-कश्मीर की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने श्रीनगर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत के समक्ष चार व्यक्तियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है।

ये लोग नौकरी धोखाधड़ी गिरोह में शामिल थे, जिस में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) में नौकरी दिलाने के झूठे वादे पर बेरोजगार युवाओं को ठगा गया था।

यह आरोप पत्र सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम के तहत दाखिल किया गया है।

यह आरोप पत्र उत्तर प्रदेश के नोएडा निवासी मोहित शर्मा उर्फ भारद्वाज, डुमरियागंज निवासी राम लखन और नयी दिल्ली निवासी मुकेश कुमार तथा महमूद खान के खिलाफ दाखिल किया गया है।

अपराध विभाग के अनुसार कश्मीर घाटी के कई जिलों से शिकायतें मिलने के बाद यह मामला दर्ज किया गया था। शिकायतों में आरोप लगाया गया था कि आरोपियों ने एएआई में नियुक्ति कराने के बहाने नौकरी के आवेदकों से लाखों रुपये वसूल कर उनके साथ धोखाधड़ी की थी।

अधिकारियों ने कहा कि जांच में आरोपियों के खिलाफ आरोप साबित हुए, जिसके बाद आर्थिक अपराध शाखा ने जांच पूरी की और न्यायिक कार्यवाही के लिए सक्षम अदालत के समक्ष आरोप पत्र दाखिल किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित