नयी दिल्ली , मार्च 10 -- नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने मंगलवार को भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) द्वारा विकसित एक एकीकृत डिजिटल निगरानी प्लेटफॉर्म का शुभारंभ किया।

प्राधिकरण ने बताया कि यह प्रणाली योजना से लेकर कार्यान्वयन तक की परियोजना संबंधी जानकारी को एक ही डिजिटल इंटरफेस में समेकित करती है, जिससे बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में शामिल विभिन्न हितधारकों के बीच समन्वय आसान हो जाता है। इसका उद्देश्य देश के तेजी से बढ़ रहे विमानन क्षेत्र में हर पल निगरानी, पारदर्शिता और डेटा-आधारित निर्णय को मजबूती प्रदान करना है।

यह प्लेटफॉर्म दो परस्पर पूरक डिजिटल मॉड्यूल - बुनियादी ढांचा विकास के लिए बीआईएम आधारित प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग सिस्टम (बीपीएमएस) और परिचालन संबंधी विश्लेषण के लिए ऑनलाइन एयरपोर्ट डायरेक्टरी डैशबोर्ड (डिजिटल कॉकपिट) - को एकीकृत कर देश भर में हवाई अड्डों के बुनियादी ढांचे और परिचालन प्रदर्शन की व्यापक निगरानी के लिए एक एकीकृत डिजिटल इकोसिस्टम तैयार करता है।

राष्ट्रीय राजधानी के भारत मंडपम् में आयोजित एक कार्यक्रम में श्री नायडू ने कहा कि यह एकीकृत प्लेटफॉर्म भारत के विमानन क्षेत्र की तेज वृद्धि को समर्थन देने के लिए डिजिटल प्रौद्योगिकियों के उपयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अवसंरचना निगरानी और परिचालन विश्लेषण को एकीकृत डिजिटल ढांचे में लाकर यह प्लेटफॉर्म अधिक प्रभावी निगरानी, सूचित निर्णय-निर्माण और पूरे विमानन तंत्र में बेहतर दक्षता सुनिश्चित करेगा।

इस अवसर पर नागरिक उड्डयन सचिव समीर कुमार सिन्हा और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अध्यक्ष विपिन कुमार उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित