नयी दिल्ली , फरवरी 22 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने आरोप लगाया है कि भारत मंडपम में एआई समिट प्रदर्शन मामले में पुलिस बौखलाहट में उन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी उठा रही है, जिनका प्रकरण से कोई संबंध नहीं है।

श्री यादव ने इसे पूरी तरह अनैतिक और निंदनीय बताते हुए कहा कि पूछताछ के नाम पर कार्यकर्ताओं को थाने में बैठाना गैर कानूनी है। श्री यादव के निर्देश पर दिल्ली कांग्रेस के लीगल और मानव अधिकार विभाग के चेयरमैन एडवोकेट सुनील कुमार के नेतृत्व में एक लीगल टीम ने तिलक मार्ग थाने के थाना प्रभारी (एसएचओ) से मुलाकात कर राजेंद्र नगर विधानसभा से चुनाव लड़ चुके विनित यादव और युवक कांग्रेस कार्यकर्ता नितिन शर्मा की रिहाई की मांग की। दोनों को पुलिस ने कल रात हिरासत में लिया था। कांग्रेस का दावा है कि इनका मंडपम प्रकरण से कोई लेना देना नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित