मुंबई , जून 01 -- एआई-नेटिव एंटरप्राइज टेक्नोलॉजी कंपनी 'एआईओएनओएस' और वैश्विक डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर इंटीग्रेटर 'ब्लैक बॉक्स लिमिटेड' ने सोमवार को एक रणनीतिक गठबंधन की घोषणा की है। इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य डिजिटल संरचना के विकास को मापने योग्य व्यावसायिक परिणामों से जोड़कर विभिन्न उद्यमों में कृत्रिम बुद्धिमता (एआई) को अपनाने की प्रक्रिया में तेजी लाना है।
यह अनूठा गठबंधन ब्लैक बॉक्स की डिजिटल बुनियादी ढांचे से जुड़ी क्षमताओं को 'एआईओएनओएस' के व्यावहारिक एआई प्लेटफॉर्म्स और उद्योग-केंद्रित समाधानों के साथ एक मंच पर लायेगा। ब्लैक बॉक्स के पास डेटा सेंटर्स, नेटवर्क कनेक्टिविटी, प्रबंधित सेवाओं और आधुनिक वर्कप्लेस सॉल्यूशंस का मजबूत आधार है। इस जुड़ाव से विभिन्न संगठन अब पूरे टेक्नोलॉजी स्टैक में मजबूत सुरक्षा और लचीलेपन के साथ एआई सिस्टम को आसानी से विकसित, तैनात और प्रबंधित करने में सक्षम होंगे।यह रणनीतिक गठबंधन संयुक्त रूप से उद्योग-विशिष्ट समाधान तैयार करेगा। दोनों कंपनियां इसके जरिये भारत, उत्तरी अमेरिका, ईएमईए और एपीएसी क्षेत्रों में बाजार के नये अवसरों का विस्तार करेंगी।
भारत में इस साझेदारी का एक बड़ा ध्यान तेजी से बढ़ते ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) इकोसिस्टम पर केंद्रित रहेगा। यहां दोनों कंपनियों का इरादा संगठनों को एआई-रेडी संरचना बनाने, एंटरप्राइज-ग्रेड एआई सॉल्यूशंस लागू करने और स्मार्ट ऑपरेशंस में मदद करना है, जो वैश्विक मूल संगठनों से प्रभावी ढंग से तालमेल बिठा सकें।
इस महत्वपूर्ण घटनाक्रम पर बात करते हुए 'एआईओएनओएस' के सह-संस्थापक और उपाध्यक्ष सीपी गुरनानी ने कहा कि भारत अपनी एआई यात्रा के एक बेहद महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंच चुका है और वैश्विक स्तर पर इस क्षेत्र में लगातार अपना योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन इस साझा विश्वास को दर्शाता है कि भारत न केवल एआई को अपना रहा है, बल्कि उन्नत एआई क्षमताओं का निर्माण और निर्यात भी कर रहा है। उनके अनुसार, ब्लैक बॉक्स 35 से अधिक देशों में डेटा सेंटर्स, एंटरप्राइज नेटवर्क और आईओटी की तैनाती के साथ बेहद शक्तिशाली डिजिटल आधारभूत खाका प्रदान करता है, जिससे यह साझेदारी फिजिकल ढांचे से लेकर एआई एप्लिकेशन्स तक का पूरा दायरा कवर करती है।
दूसरी ओर, ब्लैक बॉक्स के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) संजीव वर्मा ने कहा कि किसी भी सफल एआई ट्रांसफॉर्मेशन के लिए एक मजबूत डिजिटल नींव का होना अनिवार्य है। ब्लैक बॉक्स मिशन-क्रिटिकल इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी और प्रबंधित सेवाएं प्रदान करता है जो वैश्विक स्तर पर उद्यम संचालन का समर्थन करती हैं। जब इसे 'एआईओएनओएस' के एआई प्लेटफॉर्म और डोमेन विशेषज्ञता के साथ जोड़ा जायेगा, तो संगठन एआई की महत्वाकांक्षाओं से आगे बढ़कर बड़े पैमाने पर कार्यान्वयन की ओर बढ़ सकेंगे और एकमुश्त समाधान पा सकेंगे।
दोनों कंपनियों ने साझा बयान में कहा कि यह साझेदारी उद्यमों को पूरे टेक्नोलॉजी स्टैक में एआई अपनाने के लिए एक एकीकृत दृष्टिकोण (यूनिफाइड अप्रोच) प्रदान करेगी। इसमें सुरक्षा, लचीलापन और सुशासन (गवर्नेंस) को तैनाती के हर स्तर पर शामिल किया जायेगा। इस सहयोग के जरिये उत्पादकता बढ़ाने, लागत को अनुकूलित करने और राजस्व वृद्धि (रेवेन्यू ग्रोथ) जैसे ठोस व्यावसायिक परिणाम हासिल करने पर ध्यान दिया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित