पटना , अगस्त 06 -- बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने गुरुवार को कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के ज्ञान, तकनीक के उपयोग और इसके प्रशिक्षण से जनप्रतिनिधियों की कार्यक्षमता में गुणात्मक वृद्धि होगी।
बिहार विधान सभा के विस्तारित भवन स्थित सभागार में आज विधान मंडल के माननीय सदस्यों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) एवं मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना (एमकेवीवाई ) के प्रभावी एवं सतत अनुश्रवण हेतु विकसित वेब पोर्टल के कार्यान्वयन से संबंधित प्रबोधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
डॉ. प्रेम कुमार ने इस अवसर पर अपने स्वागत संबोधन में कहा कि उन्होंने गयाजी के प्रबोधन कार्यक्रम में ही एआई पर एक सत्र रखने का आग्रह किया था, परंतु समयाभाव के कारण वहाँ संभव नहीं हो पाया था, लेकिन आज उसी का आयोजन हो रहा है और साथ ही विधायकों के फंड के कार्यान्वयन पर भी चर्चा होगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बदलते समय के साथ सदन के सदस्यों की भूमिका भी निरंतर विस्तृत एवं अधिक ज्ञान-आधारित होती जा रही है। इसी उद्देश्य से बिहार विधान सभा की ओर से सभी सदस्यों के लिए ऐसे प्रबोधन कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे वे नवीनतम विषयों, शासन की कार्यप्रणाली तथा विकासोन्मुखी योजनाओं की अद्यतन जानकारी प्राप्त कर सकें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों सत्र ज्ञानवर्धक, व्यावहारिक तथा संवादपरक होंगे। उन्होंने सभी सदस्यों से अनुरोध किया कि वह पूरी सक्रियता के साथ इन सत्रों में सहभागिता करें तथा इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएँ।
इससे पहले कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, बिहार विधान परिषद् के सभापति अवधेश नारायण सिंह और बिहार विधान सभा उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में योजना एवं विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजयलक्ष्मी ने एक विस्तृत प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एमएलए फंड) की कार्यप्रणाली, वित्तीय एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं तथा पीएमआईएस वेब पोर्टल की जानकारी दी। इस दौरान विधायकों ने अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों की विकास योजनाओं से संबंधित प्रश्न पूछे एवं अपने विचार तथा सुझाव साझा किए।
द्वितीय सत्र में सूचना प्रावैधिकी विभाग के तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा कृत्रिम बुद्धिमत्ता से संबंधित प्रस्तुति दी गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित