दरभंगा, मई 13 -- बिहार के प्रतिष्ठित ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रो. दिलीप कुमार चौधरी ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधुनिक जीवन को अधिक स्मार्ट, तेज और सुविधाजनक बना रहा है।

स्नातकोत्तर भौतिकी विभाग की ओर से सॉफ्टप्रो इंडिया के सहयोग से जुबिली हॉल में "ट्रांसफॉर्मिंग एजुकेशन विद एआई टेक्नोलॉजी" विषय पर बुधवार को आयोजित कार्यशाला को संबोधित करते हुए डॉक्टर चौधरी ने कहा कि एआई आज केवल तकनीकी क्षेत्र तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि यह आम लोगों के दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनती जा रही है। इसकी बढ़ती उपयोगिता ने जीवन को अधिक सरल, तेज और सुविधाजनक बनाया है। उन्होंने कहा कि यदि इसका सही दिशा में उपयोग किया जाए तो यह शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और समाज के विकास में क्रांतिकारी बदलाव ला सकता है।

डॉॅक्टर चौधरी ने शिक्षा के क्षेत्र में एआई की बढ़ती उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में एआई का प्रयोग शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अनेक क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन इसके दुरुपयोग को लेकर भी सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सहायता मिल रहा है। ए आई आधारित टूल्स छात्रों को पढ़ाई समझने, नोट्स तैयार करने, भाषा अनुवाद, ऑनलाइन सीखने और परीक्षा की तैयारी में मदद कर रहे हैं। शिक्षक भी एआई की सहायता से बेहतर अध्ययन सामग्री तैयार कर पा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित