बेंगलुरु , फरवरी 10 -- कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने मंगलवार को कहा कि कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार असम चुनाव से जुड़ी अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) की बैठक में शामिल होने के लिए नयी दिल्ली जा रहे हैं और उनकी गैर मौजूदगी में ही बजट से संबंधित चर्चा होगी।
श्री सिद्दारमैया ने कहा कि श्री शिवकुमार ने उन्हें एक पत्र के ज़रिए अपने दिल्ली दौरे के बारे में बताया था। उन्होंने कहा, "श्री शिवकुमार ने मुझे लिखा है कि वह असम चुनाव से जुड़ी एआईसीसी की बैठक में हिस्सा लेने के लिए आज दिल्ली जा रहे हैं। उनकी गैरमौजूदगी में बजट पर बैठक होगी। "राज्य में नेतृत्व के मुद्दे पर सवालों पर उन्होंने कहा कि यह फैसला पूरी तरह से कांग्रेस आलाकमान का है। उन्होंने कहा, "आप क्यों पूछते रहते हैं? अगर श्री शिवकुमार को कुछ कहना है, तो उनसे पूछिए। मैं बिना बुलाए दिल्ली नहीं जाऊंगा। अगर मुझे बुलाया जाएगा, तो मैं जाऊंगा।" इससे पहले दिन में कर्नाटक कांग्रेस के विधायक इकबाल हुसैन ने दावा किया कि पार्टी के कई विधायकों ने श्री शिवकुमार को मुख्यमंत्री पद के लिए चुने जाने का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि कम से कम 80 विधायकों ने पार्टी आलाकमान को अपनी सिफारिश भेजी है। उन्होंने कांग्रेस के विधान परिषद सदस्य यतींद्र सिद्दारमैया की भी आलोचना की और उनसे संयम बरतने का आग्रह किया।
गौरतलब है कि श्री यतींद्र ने अपने पिता एवं मुख्यमंत्री सिद्दारमैया का समर्थन किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित