मुंबई , अक्टूबर 19 -- अखिल भारतीय सिने कर्मचारी संघ (एआईसीडब्ल्यूए) ने मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी की घटना की निंदा करते हुए महाराष्ट्र सरकार से अपील की है कि वह फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तुरंत कदम उठाए।
एआईसीडब्ल्यूए ने बयान जारी कर इस घटना पर चिंता जताई और मुंबई में मशहूर हस्तियों और आम नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल उठाए।
एसोसिएशन ने कहा, "आज टाइगर श्रॉफ हैं। अगला कौन होगा? जब मुंबई के बीचों-बीच कोई सेलिब्रिटी सुरक्षित नहीं है तो एक आम मुंबईकर खुद को कैसे सुरक्षित महसूस कर सकता है?"एसोसिएशन ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री के लोगों को निशाना बनाकर बार-बार हो रही घटनाएं डर का माहौल पैदा कर रही हैं। उन्होंने सुरक्षा मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। एसोसिएशन ने उस दौर के वापस आने को लेकर भी चेतावनी दी, जब फिल्म जगत के लोगों को अंडरवर्ल्ड गिरोहों से धमकियां मिलती थीं और उनसे जबरन वसूली की जाती थी।
एआईसीडब्ल्यूए के अध्यक्ष सुभाष गुप्ता ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से आग्रह किया कि वे फिल्म उद्योग की चिंताओं को दूर करने के लिए तुरंत कदम उठाएं।
एसोसिएशन ने संगठित अपराध गिरोहों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने, गोलीबारी में शामिल लोगों और इसके कथित मास्टरमाइंड को गिरफ्तार करने तथा फिल्म कलाकारों और तकनीशियनों के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की।
उन्होंने सुरक्षा में चूक के मामलों में जवाबदेही तय करने और कानून प्रर्वतन एजेंसियों में जनता का भरोसा फिर से बहाल करने के लिए कदम उठाने की भी मांग की।
एसोसिएशन ने कहा कि इस घटना ने फिल्म जगत के लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित