अलवर , मई 12 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के करनीकोट क्षेत्र में मंगलवार को सुबह इंसानियत और तत्परता की मिसाल देखने को मिली, जब एंबुलेंस-108 में ही एक गर्भवती महिला का सुरक्षित प्रसव करवाया गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही एंबुलेंस नवजात की किलकारियों से गूंज उठी। ईएमटी और पायलट की सूझबूझ से मां और बच्चे दोनों की जान सुरक्षित बच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब पौने छह बजे गोमती नामक महिला की ओर से प्रसव पीड़ा की सूचना 108 एंबुलेंस सेवा को दी गई। सूचना मिलते ही बहरोड़ से संचालित 108 एंबुलेंस तत्काल मौके पर पहुंची और गर्भवती महिला को लेकर मुंडावर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए रवाना हुई। एंबुलेंस जब सराय बिक्र क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी महिला की प्रसव पीड़ा अचानक तेज हो गई। स्थिति को गंभीर देखते हुए एंबुलेंस में मौजूद ईएमटी परमेश ने बिना घबराए तत्काल डिलीवरी की तैयारी शुरू की। पायलट देवप्रकाश ने भी वाहन को सावधानीपूर्वक संभालते हुए सहयोग किया।

कुछ ही देर में एंबुलेंस के भीतर सुरक्षित प्रसव कराया गया और महिला ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। नवजात के जन्म के साथ ही एंबुलेंस में किलकारियां गूंज उठीं। इसके बाद मां और नवजात को सुरक्षित सीएचसी मुंडावर पहुंचाया गया, जहां दोनों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित