यमुनानगर , सितंबर 27 -- हरियाणा के यमुनानगर में नारकोटिक सेल की टीम ने 31 ग्राम हेरोइन (स्मैक) सहित एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा नशीले पदार्थ के तस्करों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में एंटी नारकोटिक प्रकोष्ठ ने यह कार्रवाई की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।
टीम को खुफिया सूचना मिली थी कि पुराना हमीदा वाल्मीकि बस्ती के पास एक युवक नशीले पदार्थ बेचने का काम कर रहा है। सूचना के आधार पर एएसआई जसबीर सिंह, कर्मवीर, अमित, सिपाही अमित, अंकित और मोनू की टीम गठित की गयी।
टीम ने मौके पर पहुंचकर वहां घूम रहे युवक को काबू किया और ड्यूटी मजिस्ट्रेट को बुलाकर उसके सामने तलाशी ली गयी, तो उसके पास से 31 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान पुराना हमीदा निवासी असलम के रूप में हुई है।
आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी में लिप्त था और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित