यमुनानगर , अक्टूबर 31 -- हरियाणा के यमुनानगर में एंटी नारकोटिक्स प्रकोष्ठ की टीम ने 30 ग्राम हीरोइन (स्मैक) के साथ एक युवक तथा मुख्य आपूर्तिकर्ता को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मुकदमादर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के कुशल मार्गदर्शन में जिला पुलिस निरंतर नशा तस्करों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही कर रही है। इसी क्रम में एंटी नारकोटिक्स प्रकोष्ठ की टीम ने कार्यवाही करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।

प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि टीम को खुफिया सूचना प्राप्त हुई थी कि जगाधरी कार्यशाला में एक युवक नशीले पदार्थ लेकर घूम रहा है। इस सूचना के आधार पर उप निरीक्षक सतीश कुमार, जयपाल, सहायक उप निरीक्षक परवीन तथा सोनूकी टीम का गठन किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को गिरफ्तार किया तथा तलाशी लेने पर उसके पास से 30ग्राम हीरोइन (स्मैक) बरामद हुई। गिरफ्तार युवक की पहचान मंडेबरी निवासी गौरव पुत्र नानू सिंह के रूप में हुई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशीले पदार्थ पीर माजरा निवासी अनिल कुमार से लेकर आया था। टीम ने तत्काल कार्यवाही करते हुए अनिल कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित