देहरादून , अप्रैल 15 -- एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) के बढ़ते वैश्विक खतरे से निपटने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ने सभी स्वास्थ्य कर्मियों और आम जनता के लिए एकीकृत एंटीमाइक्रोबियल स्टीवर्डशिप प्रथाओं पर एक निःशुल्क राष्ट्रीय ई-कोर्स बुधवार को शुरू किया।

इस ई कोर्स का औपचारिक उद्घाटन करते हुए संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने एमडीआर, एक्स डीआर और पीडीआर जैसे रोगजनक एएमआर से निपटने के लिए समन्वित और साक्ष्य-आधारित दृष्टिकोणों की तत्काल आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत सहित वैश्विक स्वास्थ्य प्रणालियों के लिए एएमआर एक गंभीर खतरा बना हुआ है। उन्होंने बेडसाइड डायग्नोस्टिक्स, संक्रमण की रोकथाम और एंटीमाइक्रोबियल प्रथाओं में मौजूद गंभीर कमियों की ओर भी ध्यान दिलाया। उन्होंने एकीकृत और बहु-विषयक दृष्टिकोण की वकालत करते हुए कहा, "हमें केवल एंटीमाइक्रोबियल दवाओं पर प्रतिबंध लगाने से आगे बढ़कर चिकित्सकों, सूक्ष्म जीव विज्ञानी , औषध विज्ञानी और सार्वजनिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों के बीच आपसी सहयोग के माध्यम से उपचार (थेरेपी) को इष्टतम बनाने की दिशा में काम करना चाहिए।

इस कोर्स के कर्ताधर्ता (नेतृत्व) कर रहे मेडिसिन विभाग के एडिशनल प्रो. डॉ. प्रसन कुमार पांडा ने बताया कि यह पाठ्यक्रम एम्स ऋषिकेश और सोसाइटी ऑफ एंटीमाइक्रोबियल प्रैक्टिसेज इन इण्डिया (एसएएसपीआइ) के बीच एक सहयोगात्मक पहल का प्रमुख परिणाम है। उन्होंने बताया कि यह ई-कोर्स, स्वास्थ्य पेशेवरों और आम जनता दोनों के बीच ज्ञान और व्यावहारिक कौशल दोनों को विकसित करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। जो तर्क संगत एंटी माइक्रोबियल प्रिस्क्राइब्रिंग, डायग्नोस्टिक स्टूअर्डशिप और उचित सैंपलिंग, संक्रमण की रोकथाम और नियंत्रण के तरीके, अस्पताल की एंटी माइक्रोबियल नीतियों का विकास और उन्हें लागू करना, संभावित ऑडिट और फीडबैक तंत्र, एंटीमाइक्रोबियल के उपयोग और परिणामों का मापन और फार्मासिस्टों सहित सामुदायिक स्टूअर्डशिप जैसे मुद्दों पर केन्द्रित है।

प्रो. डॉ. पांडा ने बताया कि पाठ्यक्रम पूरा करने पर प्रतिभागियों को एक ई-प्रमाण पत्र दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि इसका समन्वय फार्माकोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, कम्युनिटी मेडिसिन और ईएनटी विभागों के फैकल्टी द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह कोर्स एक समर्पित लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम Ims.saspi.In के माध्यम से ऑनलाइन उपलब्ध है।"इस अवसर पर एसएएसपीआइ के तत्वावधान में राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों से जुड़े एक सौ से अधिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ आभासी माध्यम से कार्यक्रम में जुड़े थे। जबकि एम्स ऋषिकेश से चिकित्सा अधीक्षक प्रो. बी. सत्या श्री, डॉ. भूपिंदर, डॉ. अमित कुमार, डॉ. महेंद्र, डॉ. अंबर, डॉ. वान्या, डॉ. मनीष, डॉ. बलराम, डॉ. माथुरिया, आकांक्षा और विनीता आदि उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित