ऋषिकेश , अक्टूबर 21 -- मुख्यमंत्री के नशामुक्त देवभूमि अभियान के तहत ऋषिकेश पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 21.91 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिसका खुलासा पुलिस ने बुधवार को किया।
आरोपी की पहचान खुर्रम (38) पुत्र इनाम, निवासी शेखपुरा कदीम, थाना कोतवाली देहात, जनपद सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से स्मैक के अलावा एक सैमसंग मोबाइल फोन और 290 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम कोतवाली ऋषिकेश की टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ऋषिकेश बाईपास रोड पर योगनगरी रेलवे स्टेशन से आगे एआरटीओ कार्यालय के पास गंगानगर रेलवे अंडरपास की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर घबराने लगा और जंगल तथा रेलवे ट्रैक की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और जंगल के भीतर करीब 30 मीटर की दूरी पर उसे पकड़ लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित