ऋषिकेश , मई, 8 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में शुक्रवार को गंगा नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा टल गया। हरियाणा से घूमने आए दो युवक तेज बहाव में डूबने लगे जिन्हें राफ्टिंग गाइड राजेंद्र रावत ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा से आए कुछ युवक गंगा तट पर पहुंचे थे। इस दौरान दो युवक नदी में नहाने गए। शुरुआत में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन कुछ ही देर बाद दोनों युवक गहरे पानी और तेज धारा की चपेट में आ गए। संतुलन बिगड़ने पर दोनों ने मदद के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया।
युवकों को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोग किनारे से आवाज लगाते रहे, लेकिन तेज बहाव के कारण कोई भी नदी में उतरने की हिम्मत नहीं जुटा सका। इसी दौरान वहां से राफ्ट लेकर गुजर रहे रिवर गाइड राजेंद्र रावत ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए साहसिक कदम उठाया। उन्होंने पहले एक युवक को सुरक्षित पकड़ा और फिर दूसरे युवक तक पहुंचकर उसे भी बाहर निकाल लिया।
तेज बहाव के बीच दोनों युवकों को राजेंद्र रावत के अनुभव एवं त्वरित कार्रवाई से सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और रिवर गाइड की बहादुरी की सराहना की।
बचाए गए दोनों युवक घटना के बाद काफी सहमे हुए दिखाई दिए। उन्होंने राजेंद्र रावत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी तत्परता के कारण आज उनकी जान बच सकी।
स्थानीय प्रशासन और गंगा तट पर कार्यरत लोगों ने पर्यटकों से अपील की है कि गंगा में उतरते समय पूरी सावधानी बरतें तथा तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित