ऋषिकेश , जून 16 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), देहरादून और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में ऋषिकेश स्थित आरवीएनएल कॉन्फ्रेंस हॉल में मंगलवार को एक दिवसीय मीडिया कार्यशाला 'वार्ता' का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान और आरवीएनएल के डीजीएम ओम प्रकाश मालगुड़ी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
"लोक सेवा ही संकल्प - 12 साल : विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के" विषय पर आयोजित कार्यशाला में केंद्र सरकार की पिछले 12 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण एवं चर्चा की गई। कार्यक्रम में विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लेते हुए सरकार की योजनाओं के प्रभाव और उनके क्रियान्वयन पर अपने विचार रखे।
कार्यशाला के दौरान वक्ताओं, वरिष्ठ अधिकारियों और मीडिया प्रतिनिधियों के बीच संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें केंद्र सरकार की नीतियों और उनके जमीनी स्तर पर पड़ रहे प्रभावों पर चर्चा हुई। इस दौरान आर्थिक विकास, पीएम स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, पर्यावरण संरक्षण तथा सांस्कृतिक विरासत जैसे विषय प्रमुख रूप से चर्चा के केंद्र में रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित