ऋषिकेश , फरवरी 11 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में आगामी महाशिवरात्रि एवं शारदीय कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को क्षेत्राधिकारी श्रीनगर अनुज कुमार ने थाना लक्ष्मणझूला में कांवड़ मेला एवं महाशिवरात्रि ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की विस्तृत ब्रीफिंग ली।
ब्रीफिंग के दौरान क्षेत्राधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी और कर्मचारी पर्व के दौरान उच्च स्तरीय सतर्कता बनाए रखें तथा अपने-अपने ड्यूटी स्थलों पर समय से उपस्थित रहकर सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा,अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ करें।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस बल को भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और पार्किंग व्यवस्था के सुव्यवस्थित संचालन को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी रखने, बैरिकेडिंग व्यवस्था मजबूत करने तथा किसी भी स्थिति में अफरातफरी न होने देने पर जोर दिया गया। साथ ही श्रद्धालुओं के साथ शालीन, सौहार्दपूर्ण और सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
सं.अभयवार्ताक्षेत्राधिकारी ने सभी कर्मियों को सचेत करते हुए कहा कि संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाए। किसी भी आपात स्थिति से त्वरित और प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आपसी समन्वय बनाए रखने तथा घटना की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए। ड्यूटी के दौरान सादे वस्त्रों में पुलिस कर्मियों की तैनाती कर असामाजिक तत्वों पर नजर रखने की रणनीति भी लागू की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित