ऋषिकेश, जुलाई 23 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में भीम आर्मी ने ड्यूटी के दौरान उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के लाइनमैन की करंट लगने से मौत मामले में मृतक के परिवार को न्याय दिलाने की बात कही है।
संगठन के पदाधिकारियों ने गुरुवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) ऋषिकेश को ज्ञापन सौंपकर मृतक के परिजनों को 50 लाख रुपये का मुआवजा, परिवार के एक आश्रित को सरकारी नौकरी तथा घटना की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि यदि जांच में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके विरुद्ध सख्त विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही मृतक कर्मचारी के परिवार को विभाग की ओर से देय सभी आर्थिक लाभ एवं अन्य देयों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
भीम आर्मी के तहसील अध्यक्ष नीरज कुमार ने कहा कि ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले कर्मचारी के परिवार को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना सरकार और विभाग की जिम्मेदारी है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित