ऋषिकेश , फ़रवरी 19 -- उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देश के बाद उत्तराखंड पुलिस ने बाहरी लोगों के सत्यापन अभियान को तेज कर दिया है। इसी कड़ी में गुरुवार को ऋषिकेश में पुलिस आज तड़के सत्यापन अभियान चलाया गया और इस दौरान छह किराएदार बिना सत्यापन के पाये गये।
अभियान के तहत कोतवाली ऋषिकेश की दो टीमों ने मायाकुंड बंगाली बस्ती और आईडीपीएल मीरा नगर क्षेत्र में घर-घर जाकर किराएदारों का सत्यापन किया। सुबह-सुबह पुलिस को दरवाजे पर देखकर लोगों में हलचल जरूर हुई, लेकिन सत्यापन की जानकारी मिलने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
पुलिस टीमों ने एक-एक घर के दरवाजे खटखटाकर किराएदारों से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई। इसमें उनके मूल निवास, पेशा, यहां रहने की अवधि और पूर्व में पुलिस सत्यापन होने या न होने की जांच की गई। सभी विवरण दर्ज कर रजिस्टर भी मेंटेन किया गया। कार्रवाई के दौरान दोनों क्षेत्रों में छह किराएदार बिना पुलिस वेरिफिकेशन के रहते हुए पाए गए। पुलिस ने उनके खिलाफ चालान काटते हुए जुर्माना लगाने की कार्रवाई की। साथ ही संबंधित मकान मालिकों को लापरवाही बरतने पर कड़ी फटकार भी लगाई गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित