ऋषिकेश , मई 3 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में रविवार को अचानक आई तेज आंधी के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और रेल सेवाएं भी बाधित रहीं। आंधी के चलते रेलवे ट्रैक के समीप एक विशाल पेड़ गिर गया, जिसकी चपेट में आने से 25 हजार वोल्ट की ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) लाइन क्षतिग्रस्त हो गई।

इस घटना के बाद सुरक्षा की दृष्टि से संबंधित ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया। इसके चलते दो प्रमुख ट्रेनों को देरी का सामना करना पड़ा, जिससे यात्रियों को काफी असुविधा हुई। रेलवे प्रशासन के अनुसार, किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए एहतियातन ट्रेनों का आवागमन रोका गया।

सूचना मिलते ही रेलवे के तकनीकी कर्मचारी और अधिकारी मौके पर पहुँच गए और राहत एवं मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया गया। रेलवे टीम द्वारा ट्रैक पर गिरे पेड़ को हटाने और क्षतिग्रस्त ओएचई लाइन को दुरुस्त करने का कार्य तेजी से किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित