ऋषिकेश , अप्रैल 07 -- उत्तराखंड में ऋषिकेश के रेलवे रोड घाट चौक स्थित एक पूजा सामग्री की दुकान में मंगलवार सुबह अचानक आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात्रि अधिकारी उपनिरीक्षक निखिलेश सिंह बिष्ट अपने सहयोगी कांस्टेबल तेजपाल एवं चीता पुलिस कर्मियों के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान लगभग सुबह छह बजे रेलवे रोड घाट चौक पर स्थित "राम सिंह एंड सन्स" नामक पूजा सामग्री की थोक एवं फुटकर दुकान से अचानक आग की लपटें उठती दिखाई दीं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए विद्युत विभाग को सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद करवाई। साथ ही दुकान स्वामी राम सिंह को मोबाइल के माध्यम से घटना की जानकारी दी गई और फायर ब्रिगेड को भी कंट्रोल रूम के जरिए मौके पर बुलाया गया।
दुकानदार के मौके पर पहुंचने के बाद शटर खुलवाकर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मिलकर आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग लगने से दुकान में रखा पूजा का कुछ सामान जलकर नष्ट हो गया।
घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ा नुकसान होने से बच गया, जिसके लिए स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम की सराहना की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित