ऋषिकेश , मार्च 10 -- उत्तराखंड की तीर्थनगरी ऋषिकेश-हरिद्वार बाइपास मार्ग पर सोमवार देर रात मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। मनसा देवी फाटक के पास हरियाणा नंबर की कार में सवार चार नशे में धुत युवकों ने एक स्थानीय परिवार का रास्ता रोककर युवक पर जानलेवा हमला किया और महिलाओं के साथ सरेआम अभद्रता और छेड़छाड़ की। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने मंगलवार को पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार गुमानीवाला निवासी एक युवक कल रात पत्नी, मां, मामी और ढाई साल की बेटी के साथ कार से घर लौट रहा था। जैसे ही उनका वाहन हरिद्वार बाइपास स्थित मनसा देवी फाटक के पास पहुंचा, पीछे से आ रही हरियाणा नंबर की एक कार ने उन्हें खतरनाक तरीके से ओवरटेक किया और बीच सड़क पर गाड़ी लगाकर उनका रास्ता रोक लिया। पीड़ित का आरोप है कि कार से उतरे चार युवक नशे में धुत थे। उन्होंने कार में बैठी महिलाओं पर अश्लील फब्तियां कसनी शुरू कर दीं। युवक द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान आरोपियों ने युवक का सिर फोड़ दिया और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने युवक की पत्नी और मामी के साथ भी सरेआम बदतमीजी और छेड़छाड़ की।
घटना के दौरान परिवार की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद आरोपी अपनी कार लेकर मौके से फरार हो गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित