ऋषिकेश , अक्टूबर 05 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में जंगलात बैरियर से करीब एक किलोमीटर दूर सोमवार देर शाम दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार, सोमवार डायल-112 के माध्यम से सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना पर चौकी प्रभारी बस अड्डा पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर होना पाया गया।

दुर्घटना में ग्राम सिला, मालदेवता, देहरादून निवासी करीब 40 वर्षीय सोहन लाल नौटियाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं बलराम नौटियाल, प्रियांशु मिश्रा और रोहित कंडवाल गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

हादसे के बाद मृतक के शव को आवश्यक पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। घटना के संबंध में पुलिस की ओर से आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित