ऋषिकेश , जुलाई, 28 -- उत्तराखंड के देहरादून जनपद को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत मंगलवार को ऋषिकेश पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को एक किलो 202 ग्राम अवैध चरस और 7.01 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली है।
पुलिस के अनुसार, कृष्णा नगर लेबर कॉलोनी तिराहा क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान एक युवक पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। उसके बैग से प्लास्टिक की पन्नी में रखी 1.202 किलो चरस तथा एक अलग पन्नी में 7.01 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान परमजीत, पुत्र पदमनाथ, निवासी काले की ढाल, ऋषिकेश के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह भानियावाला निवासी पंचम नाथ नामक व्यक्ति से चरस और स्मैक लाकर ऋषिकेश क्षेत्र में नशे के आदी लोगों को बेचता था। उसने यह भी स्वीकार किया कि अधिक मुनाफा कमाने के लिए वह चरस में धूपबत्ती का पाउडर मिलाकर भी बेचता था।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। ऋषिकेश पुलिस ने कहा है कि जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित