ऋषिकेश , मई 12 -- उत्तराखंड में ऋषिकेश-देहरादून राजमार्ग पर मंगलवार को सात मोड़ के पास हुए भीषण सड़क हादसे से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। जहां एक यात्री बस और कार की आमने-सामने की टक्कर और बस की कार के पीछे जोरदार टक्कर में वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना की शुरुआत हरियाणा नंबर की एक कार से हुई। बताया जा रहा है कि कार चालक को अचानक झपकी लग गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सामने चल रही बस से टकरा गया। इसी दौरान पीछे से आ रही दूसरी यात्री बस भी नियंत्रण नहीं रख सकी और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से भिड़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि दोनों बसों के अगले हिस्सों को भी भारी नुकसान पहुंचा।
बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुई बसों में से एक बस कर्णप्रयाग (चमोली) जा रही थी। दोनों बसों में करीब 30-30 यात्री सवार थे। हादसे के बाद कई यात्री सदमे में सड़क किनारे बैठे नजर आए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इतनी भीषण दुर्घटना के बावजूद कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने का कार्य किया। हादसे के कारण ऋषिकेश-देहरादून मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
प्रभारी निरीक्षक ऋषिकेश कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि हादसे में सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण कार चालक को झपकी लगना माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित