ऋषिकेश , अक्टूबर, 16 -- उत्तराखंड तपोवन क्षेत्र में नीरगढ़ बैंड के समीप शुक्रवार को महाराष्ट्र से आए एक लापता पर्यटक का शव मिला।

शव सड़क से करीब 40 मीटर नीचे दुर्गम ढलान पर झाड़ियों के बीच पड़ा था। सूचना मिलने पर राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम ने मौके पर पहुंची और शव को निकला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र से आया पर्यटक अपने परिवार और मित्रों समेत नौ सदस्यीय समूह के साथ ऋषिकेश घूमने पहुंचा था। पर्यटक के लापता होने पर गत 12 अक्टूबर को थाना लक्ष्मणझूला में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।

शुक्रवार को तपोवन चौकी से करीब 500 मीटर आगे नीरगढ़ बैंड के पास सड़क से नीचे झाड़ियों में शव दिखाई देने पर स्थानीय पुलिस ने एसडीआरएफ को सूचना दी। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची।

दुर्गम ढलान और घनी झाड़ियों के कारण शव को बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण था। एसडीआरएफ कर्मियों ने सुरक्षा उपाय अपनाते हुए रोप रेस्क्यू तकनीक और स्ट्रेचर की मदद से सावधानीपूर्वक शव को सड़क तक पहुंचाया।

शव को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए तपोवन चौकी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने शव की शिनाख्त भी कर ली है। पर्यटक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस द्वारा की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित