ऋषिकेश , मई, 22 -- उत्तराखंड में तीर्थनगरी ऋषिकेश में देर रात एक होटल में बड़ा हादसा हो गया। वीरभद्र रोड स्थित एक होटल की लिफ्ट अचानक पांचवीं मंजिल से नीचे गिर गई, जिससे उसमें सवार फरीदाबाद के पांच पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घायल पर्यटक पेशे से पत्रकार बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, पर्यटक देर रात होटल की पांचवीं मंजिल पर भोजन करने पहुंचे थे। भोजन के बाद सभी लिफ्ट के जरिए ग्राउंड फ्लोर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक लिफ्ट का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज झटके के साथ नीचे आ गिरी। हादसे के बाद होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप फैल गया।
घटना की सूचना मिलते ही एम्स पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में सभी का उपचार जारी है।
शुक्रवार को बातचीत मे घायल पर्यटकों में शामिल वरुण कुमार और मनोज सूर्यवंशी ने बताया कि हादसा बेहद डरावना था और अचानक हुए इस हादसे से सभी लोग बुरी तरह घबरा गए। उन्होंने आरोप लगाया कि होटल प्रबंधन की लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई। उनका कहना है कि एक साथी के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए हैं, जबकि दूसरे के हाथ में गंभीर चोट आई है। अन्य घायल पर्यटकों को भी गंभीर चोटें आई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित