ऋषिकेश , मार्चा 12 -- ऋषिकेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को डोईवाला पुलिस ने एक शातिर स्मैक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 6.10 ग्राम अवैध स्मैक बरामद किया। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 1.80 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मुख्यमंत्री की नशा मुक्त उत्तराखंड की परिकल्पना को साकार करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देश पर जिले में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक डोईवाला प्रदीप कुमार राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी।
चेकिंग के दौरान पुराने सौंग नदी पुल के पास एक संदिग्ध युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 6.10 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। आरोपी की पहचान नाकी उर्फ सुन्दर (22 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय दिलीप सिंह निवासी केशवपुरी बस्ती, दुर्गा मंदिर के पास,डोईवाला के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्वयं नशे का आदी है और डोईवाला क्षेत्र में टैक्सी चालकों व मजदूरों को फुटकर में स्मैक बेचता था। इससे उसे खुद नशा करने के लिए स्मैक मिल जाती थी और ऊंचे दामों पर बेचकर वह मुनाफा भी कमाता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी को पहले भी जेल भेजा जा चुका है और उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम व चोरी के मामले भी दर्ज हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित