जौनपुर , मार्च 14 -- उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा के औचक निरीक्षण के बाद जौनपुर विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए मड़ियाहूं विद्युत उपकेंद्र में तैनात अवर अभियंता शमशाद अली को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, जबकि उपखंड अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा शनिवार को अपराह्न मिर्जापुर से सुलतानपुर जाते समय जौनपुर जिले के मड़ियाहूं स्थित विद्युत उपकेंद्र का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपकेंद्र की व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान पता चला कि वहां तैनात अवर अभियंता मौके पर उपस्थित नहीं हैं। इस पर मंत्री ने संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को दिए।
अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण खंड द्वितीय जौनपुर अनिल पाठक ने शनिवार देर रात कार्रवाई करते हुए मड़ियाहूं में तैनात अवर अभियंता शमशाद अली को कार्य में लापरवाही के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड शाहगंज के कार्यालय से संबद्ध किया गया है। इसके साथ ही मड़ियाहूं विद्युत उपकेंद्र पर तैनात उपखंड अधिकारी सौरभ त्रिपाठी को आरोप पत्र जारी कर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है कि उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई क्यों न की जाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित