कोरबा , फरवरी 27 -- एसईसीएल की गेवरा परियोजना अंतर्गत ऊर्जानगर स्थित बड़े शिव मंदिर प्रांगण में ऊर्जा महिला समिति द्वारा होली के पावन अवसर पर शुक्रवार को भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने रंग, गुलाल और पुष्प वर्षा के साथ एक-दूसरे का स्वागत करते हुए होली की शुभकामनाएं दीं।

समारोह के दौरान पारंपरिक फाग गीतों की मधुर प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को होलीमय बना दिया। महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किए। रंग और फॉगिंग इफेक्ट के बीच प्रस्तुत रंगारंग कार्यक्रमों ने उपस्थितजनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पारंपरिक होली गीतों पर सामूहिक नृत्य ने आयोजन में चार चांद लगा दिए।

इस अवसर पर महिला समिति की सदस्यों ने होली के विशेष पकवानों का आनंद भी लिया। गुजिया, नमकीन सहित विभिन्न व्यंजनों के साथ आपसी मेलजोल और सौहार्द का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम की सूत्रधार सारिका यादव ने बताया कि होली मिलन समारोह का आयोजन प्रतिवर्ष महिला समिति द्वारा किया जाता है। इस आयोजन का उद्देश्य एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा करते हुए सामाजिक एकता, प्रेम और भाईचारे का संदेश देना है। समारोह के दौरान छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजनों का विशेष स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें ठेठरी, खुरमी, देसी बड़ा और चीला रोटी शामिल थे। इन व्यंजनों का महिलाओं ने भरपूर आनंद लिया।

महिला समिति के सदस्यों ने बताया कि समिति पिछले कई वर्षों से इस प्रकार के सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजनों का आयोजन करती आ रही है, जिससे कॉलोनी की महिलाओं के बीच एकता और आपसी समन्वय को बढ़ावा मिलता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित