रूद्रपुर , जून 25 -- उत्तराखंड की ऊधमसिंह नगर पुलिस ने राजमार्ग पर डंपर चालकों को फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताकर तमंचे के बल पर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, लूटी हुई नकदी और वारदात में प्रयुक्त आई-20 कार बरामद की गयी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के अनुसार विगत 24 जून को मुरादाबाद निवासी आरिफ ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 18 जून को उसका भाई नासिर डंपर संख्या यूपी-21 सीटी-2065 में रामनगर से मुरादाबाद जा रहा था। रास्ते में बल्ली ढाबा के पास दो कार सवार युवकों ने डंपर रोककर चालक से मारपीट की और तमंचा दिखाकर 11 हजार रुपये लूट लिए।
इसी दिन काशीपुर निवासी आलम ने भी पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 18 जून की रात बांसखेड़ा पुल के नीचे दो कार सवार व्यक्तियों ने उसके डंपर को रोक लिया। आरोपियों ने खुद को फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताते हुए वाहन की किश्त बकाया होने की बात कही और विरोध करने पर तमंचे के बल पर 24 हजार रुपये लूट लिए।
दोनों मामलों में आईटीआई कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आज को जैतपुर घोसी से बेगमाबाद जाने वाले मार्ग पर एक आई-20 कार से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरमेज सिंह उर्फ विक्की और गुरविंदर सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी बनकर डंपर चालकों को रोकने और लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त आई-20 कार और 15 हजार रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह राठौर, उपनिरीक्षक पुष्कर भट्ट, अपर उपनिरीक्षक रविंद्र सिंह गड़िया सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित