ऊधमसिंहनगर , सितंबर 30 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा में युवती से छेड़छाड़ का विरोध करने के मामले में पिता के कथित दोनों हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 27 सितंबर को खटीमा के खेतलसण्डा खाम स्थित सरकारी नल के पास पानी भरने गई एक युवती के साथ छेड़छाड़ का आरोप है। आरोप है कि युवती के पिता रोहित ने इसका विरोध किया तो संजय और सुभाष पुत्रगण स्व0 रामभरोसे, निवासी खेतलसण्डा खाम ने उनके साथ मारपीट की।
तहरीर के अनुसार आरोपियों ने चारपाई की पाटी से रोहित के सिर पर गंभीर वार किये, जिससे मृतक गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल रोहित को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।
तहरीर पर कोतवाली खटीमा में धारा 103(1), 117(2), 3(5) और 74 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गईं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई।
आखिरकार पुलिस ने 29 सितम्बर को आरोपियों को पुराने रेलवे फाटक, खेतलसण्डा के पास से गिरफ्तार कर लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित