रूद्रपुर , मई 16 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के जसपुर में गिरफ्तार वारंटी को छुड़ाने को लेकर पुलिस टीम पर कथित रूप से लाठी-डंडों और पाठल से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने सास-बहू को गिरफ्तार किया है, जबकि फरार पांच आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जसपुर न्यायिक मजिस्ट्रेट की ओर से आबकारी अधिनियम के मामले में आरोपी बिशन सिंह निवासी भोगपुर डाम नंबर-2 जसपुर के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया था जिसमें आज 16 मई को सुनवाई नियत थी।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर चौकी प्रभारी पतरामपुर उपनिरीक्षक गोविन्द सिंह मेहता टीम के साथ आरोपी को गिरफ्तार करने उसके घर पहुंचे। घर के आंगन में खड़े आरोपी को पुलिस ने रात लगभग नौ बजे गिरफ्तार कर लिया।

इसी दौरान आरोपी ने शोर मचाकर अपनी मां , पत्नी , भाई समेत तीन चचेरे भाइयों को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि सभी ने एकजुट होकर पुलिस टीम को घेर लिया और लाठी-डंडों तथा पाठल से हमला कर दिया।

पुलिस के मुताबिक शीलो कौर ने उपनिरीक्षक गोविंद मेहता के हाथ से वारंट छीनने की कोशिश की, जिससे वारंट फट गया। आरोप है कि संदीप सिंह ने पाठल से पुलिस टीम पर हमला किया जिससे पुलिसकर्मी बमुश्किल बच निकले।

घटना के बाद कोतवाली जसपुर में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109, 121, 127(2), 132, 190, 191(2), 191(3), 221, 324, 351(2), 352 और 3(5) के तहतमुकदमा दर्ज किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित