रुद्रपुर , मई 13 -- उत्तराखंड की ऊधमसिंह नगर पुलिस ने मामूली विवाद में बाद फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस और दो नाजायज चाकू भी बरामद किए गए हैं। दो आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बुधवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आठ मई की देर शाम को रूद्रपुर के वार्ड नंबर 22 रम्पुरा में कुछ युवकों ने मामूली विवाद में चाऊमीन विक्रेता सोमवीर पर फायरिंग कर दी थी।
यही नहीं आरोपियों ने दुकान पर पथराव भी किया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। रूद्रपुर कोतवाली और रम्पुरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
आरोपियों को पकड़ने के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गईं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिरों और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलते रहे।
उन्होंने बताया कि 12 मई को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी संजय कोली और कमल कोली निवासीगण रम्पुरा एफएसएल रोड रुद्रपुर के पास झाड़ियों में छिपे हुए हैं और बाहर भागने की फिराक में हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान संजय कोली के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का अवैध तमंचा और दो खोखा कारतूस बरामद हुए जबकि कमल कोली से एक नाजायज चाकू मिला।
तीसरे आरोपी अमन पांडे हाल निवासी शारदा कॉलोनी वार्ड नंबर आठ थाना रुद्रपुर, मूल निवासी ग्राम करीमपुर सरकी, निकट प्राइमरी स्कूल थाना भोट जिला रामपुर उत्तर प्रदेश को 13 मई को मुखबिर से सूचना पर ब्लॉक रोड से गिरफ्तार किया गया। आरोपी रामपुर भागने की फिराक में था। उसके कब्जे से भी एक नाजायज चाकू बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार संजय कोली और अमन पांडे के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं तथा उनके विरुद्ध आगे निरोधात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रपुर प्रकाश दानू, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनिल जोशी, चौकी प्रभारी रम्पुरा पंकज कुमार, उपनिरीक्षक धीरज टम्टा सहित हेड कांस्टेबल राजकुमार तथा कांस्टेबल विजय दरमाल, मोहन खाती, रघुनाथ, जगदीश पाठक, पूरन, गणेश धानिक और ज्ञानेन्द्र शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित