रुद्रपुर , जुलाई 25 -- उत्तराखंड आबकारी महकमे की ओर से शनिवार को ऊधमसिंह नगर के शास्त्रीनगर गड्ढा कॉलोनी म अवैध कच्ची शराब को लेकर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान चौंकाने वाली जानकारी हाथ लगी है।
यहां महिलाएं अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त मिलीं। आबकारी विभाग ने दो महिलाओं के घरों से करीब 33 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
जिला आबकारी अधिकारी ऊधम सिंह नगर महेंद्र सिंह बिष्ट के अनुसार रुद्रपुर की आबकारी टीम द्वारा 24 जुलाई को शास्त्रीनगर गड्ढा कॉलोनी में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के अड्डों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
उन्होंने कहा कि गुरनाम कौर पत्नी प्रेम सिंह के घर से 500-500 एमएल के 24 पाउच तथा रूपिंदर कौर पत्नी किशन सिंह के घर से 500-500 एमएल के 42 पाउच बरामद किए गए। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा कि कार्रवाई आबकारी निरीक्षक सोनू सिंह के नेतृत्व में की गई। टीम में प्रधान आबकारी सिपाही दीपक, संतोष, विकास तथा आबकारी सिपाही राजेंद्र, वीरेंद्र और रोशनी समेत अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
उन्होंने कहा कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित