रुद्रपुर , अप्रैल 08 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस और मादक द्रव्य निरोधक बल (एएनटीएफ) ने दो अलग-अलग घटनाओं में लगभग 71 लाख रुपये की स्मैक बरामद कर दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला तस्कर भी शामिल है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने बुधवार को इन मामलों का खुलासा करते हुए बताया कि किच्छा और रूद्रपुर कोतवाली पुलिस के साथ ही एएनटीएफ की संयुक्त टीमों द्वारा यह कार्रवाई की गई है।

उन्होंने बताया कि पहली घटना में कोतवाली किच्छा और कुमाऊं एएनटीएफ की टीम की ओर से महराया कट के पास जांच अभियान के दौरान एक संदिग्ध महिला को रोककर तलाशी ली गई। उसके पास से 133 ग्राम स्मैक और चार हजार रुपये नगद बरामद हुए। पूछताछ में महिला ने अपना नाम सुरेंद्र कौर उर्फ छिन्दौ कौर (42) निवासी टिब्बा लालपुर, किच्छा बताया। इस संबंध में कोतवाली किच्छा में मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

दूसरी घटना कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र में की है। पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने बागवाला रुद्रपुर-रामपुर बाईपास पर जांच के दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से 103.33 ग्राम स्मैक और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अर्जुन सिंह (26) निवासी कपूरपुर, थाना मीरगंज, जनपद बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्मैक फतेहगंज क्षेत्र से लाना बताया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। "ऑपरेशन प्रहार" के तहत ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित