रूद्रपुर , मई 15 -- उत्तराखंड में ऊधमसिंह नगर की पुलभट्टा पुलिस ने ग्राम बरा में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया है।
पुलिस ने चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात भी बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये बताई गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसएसपी अजय गणपति के अनुसार विगत 30 अप्रैल को ग्राम बरा निवासी ओमकार के घर का ताला तोड़ कर चोर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ले गए थे। पुलभट्टा पुलिस ने तीन मई को तहरीर पर मामला दर्ज कर एक विशेष टीम का गठन किया।
सबसे पहले जांच टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। चार संदिग्ध युवकों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिर की मदद से आरोपी राज निवासी ट्रांजिट कैंप, चामुंडा मंदिर के पास, थाना ट्रांजिट कैंप, जनपद ऊधमसिंहनगर को क्राउन होटल पुलभट्टा के पास से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही एक विधि विवादित किशोर को भी संरक्षण में लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए गहने और सामान बरामद कर लिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित