रुद्रपुर , मई 01 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंहनगर जिले के नानकमत्ता क्षेत्र में धर्मांतरण को लेकर सामने आये कथित विवाद के मामले में जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। जांच के लिए एक 07 सदस्यीय समिति का गठन किया गया है।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के अनुसार ग्राम नवीनगर उप तहसील नानकमत्ता में विगत 19 अप्रैल को धार्मिक पूजा की आड़ में कथित धर्मांतरण के आरोप को लेकर हंगामा होने की खबर प्रकाशित हुई थी। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी ने कहा कि यह कानून-व्यवस्था, सामाजिक समरसता और जनसुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण पहलू हैं, इसलिए इसकी तथ्यात्मक और निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि इस मामले के जांच के आदेश दे दिए गए हैं। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पंकज उपाध्याय की अध्यक्षता में 07 सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। समिति में अपर पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, संबंधित क्षेत्र के उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी तथा स्थानीय अभिसूचना इकाई के निरीक्षक को सदस्य नामित किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित