रूद्रपुर , अक्टूबर 18 -- उत्तराखंड की ऊधमसिंह नगर पुलिस ने बाजपुर से चोरी जेसीबी मशीन को उत्तर प्रदेश के संभल जिले के बहजोई से बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। चोरी की गई जेसीबी को सात लाख रुपये में बेचने की योजना थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने रविवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि विगत 11 अक्टूबर को बाजपुर से जेसीबी मशीन चोरी होने का मामला सामने आया था। सुल्तानपुर पट्टी निवासी दिलशाद ने कोतवाली में इस संबंध में तहरीर दी थी।

तहरीर में बताया गया कि उनकी जेसीबी मशीन यूके 18 सीए 4838) को उनके पार्टनर एवं ड्राइवर राशिद अली ने 5 अक्टूबर को मुण्डिया पिस्तौर के पास शान ए पंजाब होटल के सामने खड़ा किया था। सात अक्टूबर की सुबह राशिद अली मशीन लेने पहुंचे तो जेसीबी मौके से गायब थी। आसपास पता करने पर भी कोई जानकारी नहीं मिली। तहरीर के आधार पर कोतवाली बाजपुर में अज्ञात के विरुद्ध धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

बाजपुर के थाना प्रभारी के नेतृत्व में चोरों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गईं। पुलिस टीमों ने लगातार एक सप्ताह तक घटनास्थल से उत्तर प्रदेश की सीमा तक पड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों, चौराहों और टोल प्लाजा के करीब 1200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज से जेसीबी के उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करने का सुराग मिला। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक और मैनुअल सर्विलांस, स्थानीय मुखबिरों तथा ढाबा संचालकों और हाईवे के दुकानदारों से पूछताछ के आधार पर रूट मैप तैयार कर संदिग्धों का पीछा किया गया।

सटीक सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर 17 अक्टूबर को पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के संभल जनपद के बहजोई क्षेत्र से आरोपी यूनिस उर्फ सोनू निवासी खिरारी, थाना राया, जिला मथुरा, उत्तर प्रदेश को चोरी की गई जेसीबी के साथ गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी के बाद मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जेसीबी का सौदा बाजपुर निवासी पप्पू, रंजीत, शहनवाज, प्रशान्त और अंशु के साथ सात लाख रुपये में हुआ था। इन्हीं लोगों ने जेसीबी को बाजपुर से चोरी कर बुलंदशहर तक पहुंचाया था। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित