रूद्रपुर , मई 17 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के सितारगंज में 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत मादक द्रव्य निरोधक बल (एएनटीएफ) और सितारगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 119 ग्राम स्मैक के साथ एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 35 लाख रुपये आंकी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सितारगंज पुलिस की ओर से 16 मई को रुद्रपुर-सितारगंज हाईवे स्थित अमरिया चौराहे से आगे चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से 119 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने मौके से तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शाबाद हुसैन निवासी बाईपास कॉलोनी वार्ड नंबर-11, सितारगंज के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली सितारगंज में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक अपने साथी नदीम निवासी बहेड़ी, बरेली से लेकर आया है। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित