ऊधमसिंहनगर , मार्च 13 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में अवैध शस्त्र रखने और सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस ने सख्त अभियान शुरू किया और इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के निर्देश पर शुक्रवार से पूरे जिले में 15 दिन का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य फायरिंग की घटनाओं पर रोक लगाना और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हथियारों का प्रदर्शन कर भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करना है। इसके तहत जिले के सभी थाना और कोतवाली क्षेत्रों में सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी के अनुसार अभियान के पहले ही दिन पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है और विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए तीन अभियोग दर्ज किए गए और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच तमंचे और 13 कारतूस बरामद किए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित