उलानबतोर (मंगोलिया) , जून 06 -- सागर जगलान और टीनएजर काजल ढोचक ने अपने-अपने भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए उलानबतोर ओपन 2026 कुश्ती टूर्नामेंट के तीसरे दिन स्वर्ण पदक जीत। भारतीय पहवानों ने इस दिन दो स्वर्ण सहित छह पदक अपने नाम किए।

शनिवार को हुए मुकाबले में 21 साल के सागर जगलान ने पुरुषों की फ्रीस्टाइल 74किग्रा वर्ग के फाइनल में तामिर एशिनिमाएव को 3-2 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। भारतीय पहलवान ने क्वार्टर-फाइनल में अपने ही देश के जयदीप को 7-2 से हराकर अपने अभियान की शुरुआत की। इसके बाद सागर ने सेमीफाइनल में मंगोलिया के टोलुई मुंखबात को टेक्निकल सुपीरियरिटी के आधार पर 10-0 से हराया।

वहीं, 22 साल के जयदीप ने रेपचेज के जरिए वापसी की और मेडल मुकाबले में मुंखबात को टेक्निकल सुपीरियरिटी के आधार पर 15-4 से हराकर कांस्य पदक जीता। सागर जगलान और जयदीप, दोनों के लिए ये उनके दूसरे रैंकिंग सीरीज पदक है। सागर ने ज़ुहायर सघायर 2022 में रजत पदक जीता था, जबकि जयदीप ने उलानबतोर में लगातार दूसरे साल कांस्य जीता।

महिलाओं की रेसलिंग में, अंडर 23 एशियाई चैंपियन काजल ने 76 किग्रा वर्ग में स्वर्ण जीता। उन्होंने फाइनल में नाइजीरिया की डमोला ओजो (जो एक अफ्रीकन चैंपियन हैं) को 8-0 से हराया। 18 साल की काजल ने क्वालिफिकेशन राउंड में कजाकिस्तान की गुलमारल येरकेबायेवा को 'फॉल' से हराकर अपने अभियान की शुरुआत की और फिर क्वार्टर-फाइनल में चीन की साइहान आओ को 12-1 से हराया। इसके बाद उन्होंने सेमीफाइनल में कजाकिस्तान की एल्मिरा सिज़दिकोवा को 'फॉल' से हराकर स्वर्ण पदक मैच में जगह बनाई।

एशियाई खेलों में जाने वाली रेसलर प्रिया मलिक ने इसी कैटेगरी में मंगोलिया की तुवशिनजार्गल ताराव को 8-0 से हराकर कांस्य पदक जीता।

प्रिया सेमीफाइनल में डमोला ओजो से 5-1 से हार गई थीं, जिसके बाद उन्हें कांस्य पदक मुकाबले में खेलना पड़ा। भारत की हंसिका लांबा ने महिलाओं के 55 किग्रा वर्ग में मंगोलिया की अरिउनज़ाया ओडोनचिमेग के खिलाफ़ 10-0 से 'टेक्निकल सुपीरियरिटी' (तकनीकी श्रेष्ठता) के आधार पर जीत हासिल करके कांस्य पदक जीता।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित