पटना , जनवरी 31 -- बिहार कृषि विभाग के मार्गदर्शन में केन्द्रीय उर्वरक गुणवत्ता नियंत्रण एवं प्रशिक्षण संस्थान, फरीदाबाद (हरियाणा) तथा इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइजर कोआपरेटिव लिमिटेड (इफको) के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को राज्य के उर्वरक विक्रेताओं के लिये एक दिवसीय उर्वरक गुणवत्ता नियंत्रण आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
बिहार कृषि प्रबंधन एवं विस्तार प्रशिक्षण संस्थान (बामेती), पटना में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ बिहार के कृषि निदेशक सौरभ सुमन यादव ने किया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राज्य में उर्वरक गुणवत्ता में सुधार लाना तथा उर्वरक विक्रेताओं को जागरूक कर कृषकों को समय पर, उचित मूल्य पर एवं गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराना था, जिससे फसल उत्पादन में वृद्धि के साथ-साथ मिट्टी की उर्वराशक्ति को सुदृढ़ किया जा सके।
कृषि निदेशक श्री यादव ने इस कार्यक्रम में राज्य में उर्वरकों की उपलब्धता, उर्वरक समिति की भूमिका तथा कृषकों को सही उर्वरक उपयोग के लिये जागरूक करने पर बल दिया। उन्होंने उर्वरकों के जैविक स्रोतों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के मुख्य प्रशिक्षक डॉ. रविंद्र यादव (आरएफसीएल, कल्याणी) ने उर्वरक नियंत्रण आदेश के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी तथा नए एवं परंपरागत उर्वरकों की गुणवत्ता मानक, पंजीकरण प्रमाण-पत्र एवं प्राधिकरण पत्र से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
इफको के राज्य वितरण प्रबंधक शोक कुमार पालीवाल ने कार्यक्रम के उद्देश्य एवं उपयोगिता की जानकारी दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित