पटना , नवंबर 07 -- बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने उर्वरक कंपनियों की ओर से कथित तौर पर विक्रेताओं के साथ भेदभाव करने और उर्वरक के साथ अन्य उत्पादों की टैगिंग के लिए दबाव बनाने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों के हितों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और उर्वरक वितरण में कंपनियों की मनमानी बर्दाश्त नहीं होगी।

श्री सिन्हा ने आज कुछ उर्वरक विक्रेताओं से मुलाकात के दौरान मिली शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। विक्रेताओं ने शिकायत की कि कुछ उर्वरक कंपनियां उर्वरक के साथ अन्य उत्पादों की टैगिंग का विरोध करने वाले विक्रेताओं को उर्वरक उपलब्ध नहीं करा रही हैं। साथ ही, चुनिंदा विक्रेताओं को ही फॉर्म-ओ जारी किया जा रहा है और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर उर्वरक उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे जिलों में उर्वरक वितरण का असंतुलन पैदा हो रहा है। कुछ विक्रेताओं के पास आवश्यकता से अधिक उर्वरक उपलब्ध है, जबकि अन्य को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक नहीं मिल पा रहा है। इसका खामियाजा किसानों को भी भुगतना पड़ रहा है।

शिकायतकर्ताओं ने कंपनी के कथित भेदभावपूर्ण रवैये से क्षुब्ध होकर अपना उर्वरक लाइसेंस तक सरेंडर करने की बात कही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित