बारां , जून 19 -- राजस्थान में बारां में कृषि विभाग के दल ने शाहबाद क्षेत्र में खाद विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में खाद का अवैध भंडारण पकड़ा है।

आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि शाहबाद के उपखण्ड अधिकारी सुनील झिंगोनिया, तहसीलदार शाहबाद अनीता के नेतृत्व में कृषि विभाग के दल ने देवरी क्षेत्र में उर्वरक विक्रेताओं के परिसर का निरीक्षण किया था। इसके बाद आज पुनः संयुक्त निदेशक कृषि राजेश विजय, कृषि अधिकारी धनराज मीणा एवं दल ने मै. जय माता दी फर्टीलाइजर देवरी के विक्रय परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विक्रेता देवेश मेहता द्वारा करीब 480 बैग डीएपी और 45 बैग सिंगल सुपर फॉस्फेट का अवैध भण्डारण किया जाना पाया गया। उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के प्रावधानों का उल्लंघन करके स्टॉक छिपाकर रखा गया था।

अवैध भण्डारण पर कृषि विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए विक्रेता फर्म के विरुद्ध कस्बा थाना में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज करवाया।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रबी सीजन में किसानों को खाद की कालाबाजारी और अवैध भण्डारण करने वालों पर शून्य सहिष्णुता की नीति अपनायी जायेगी। किसानों को समय पर उचित दाम पर उर्वरक उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित